
दंपत्ति की रहस्यमयी मौत: कमरे की दीवार पर लिपस्टिक से लिखा सुसाइड नोट,पत्नी की हत्या के बाद पति के आत्महत्या की आशंका
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के भूकंप कार्यालय के पास अटल आवास में सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में दंपत्ति की मौत से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घर के अंदर पत्नी शिवानी उर्फ नेहा तांबे की लाश बिस्तर पर मिली, जबकि पति राज तांबे पंखे से लटका मिला। शुरुआती जांच में पुलिस इसे पत्नी की हत्या के बाद पति की खुदकुशी का मामला मान रही है।
कैसे खुला मामला?
सुबह पड़ोसियों ने देखा कि दंपत्ति काफी देर से बाहर नहीं निकले। सूचना पर पुलिस ने दरवाजा खोला तो शिवानी का शव बिस्तर पर और राज का शव फांसी के फंदे पर मिला। दंपत्ति सफाईकर्मी के रूप में काम करते थे।
10 साल पहले प्रेम विवाह
जांच में पता चला कि राज और शिवानी ने करीब 10 साल पहले प्रेम विवाह किया था। उनके तीन छोटे बच्चे हैं, जो घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस बच्चों की काउंसलिंग की तैयारी भी कर रही है ।

दीवार पर मिला लिपस्टिक से लिखा सुसाइड नोट
पुलिस को कमरे की दीवार पर लिपस्टिक से लिखा हुआ सुसाइड नोट मिला है। इसमें राज ने पत्नी के चरित्र पर शक जताते हुए एक युवक का नाम भी लिखा है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि यह नोट राज ने ही अपनी मौत से पहले लिखा।
मृतका के गले पर खरोंच के निशान
शिवानी की लाश की जांच में गले पर खरोंच और दबाव के निशान मिले हैं, जिससे यह आशंका मजबूत हो गई है कि गुस्से में राज ने उसकी हत्या की हो सकती है और बाद में खुद फांसी लगाई।

मामले की जांच जारी
पुलिस परिजनों, पड़ोसियों और परिचितों से पूछताछ कर रही है। घटनास्थल से मिले डिजिटल सबूतों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और क्रम स्पष्ट हो पाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



