
रिसाली में पार्षद की गुंडई: मां-बेटी ने महिला को बीच सड़क पीटा, पुरानी रंजिश में भड़की मारपीट
भिलाई। रिसाली नगर निगम क्षेत्र में महिला पार्षद की दबंगई का मामला सामने आया है। मंदिर से लौट रही महिला पर पार्षद माया यादव और उनकी बेटी आंचल यादव ने लाठी से हमला कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पार्षद और उनकी बेटी ने की गाली गलौज
पीड़िता संध्या पति सूरज सिंह ने शिकायत में बताया कि वह सुबह पूजा करने निकली थीं। पार्षद के घर के सामने मां-बेटी किसी को गाली दे रही थीं, जिसे अनसुना कर वह मंदिर चली गईं। करीब 10:15 बजे लौटने पर पार्षद और उनकी बेटी ने अचानक गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। आरोप है कि पार्षद ने लाठी से प्रहार किए, जिससे महिला को गंभीर चोटें आईं।

पुरानी रंजिश बनी मारपीट का कारण
मारपीट की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। क्षेत्र में जलभराव और सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों ने महापौर और आयुक्त को शिकायत की थी। इसी बात से नाराज़ होकर पार्षद ने महिला पर हमला किया—ऐसा आरोप लगाया गया है। वहीं, पार्षद माया ने पलटवार करते हुए कहा कि “इन लोगों ने मेरे घर आकर मारपीट की है। मेरी आंख का ऑपरेशन हुआ है। दो महीने से ये लोग मुझे परेशान कर रहे हैं।”
तीन महीने पहले से शुरू हुआ था विवाद
वायरल वीडियो के अनुसार मां-बेटी सड़क पर महिला को पीट रही हैं। महिला की पूजा की थाली भी जमीन पर बिखरी हुई है, जबकि आसपास मौजूद लोग डर के कारण हस्तक्षेप नहीं कर सके। यह विवाद लगभग तीन महीने पहले वार्ड की समस्याओं—खासकर सड़क पर जमा पानी की निकासी—को लेकर शुरू हुआ था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



