
पीड़िता से पैसे मांगने पर प्रधान आरक्षक निलंबित, एसपी ने तत्काल लिया एक्शन
जांजगीर। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र से एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां शिकायत दर्ज कराने पहुंची पीड़ित महिला से प्रधान आरक्षक ने पैसे की मांग कर दी। मामला एसपी तक पहुंचते ही तत्काल कार्रवाई की गई और आरोपी प्रधान आरक्षक को निलंबित कर लाइन हाजिर कर दिया गया है। निलंबित हेड कांस्टेबल का नाम अनिल सिंह अजगल्ले है।
मारपीट की शिकायत लेकर आई महिला से मांगे पैसे
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत दर्ज कराने बिर्रा थाने पहुंची थी। वहीं तैनात प्रधान आरक्षक अनिल सिंह अजगल्ले ने उससे पैसों की मांग की। महिला ने इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दी, जिसके बाद मामला तेजी से संज्ञान में लिया गया।

एसपी ने मिलते ही दिया तत्काल कार्रवाई का आदेश
शिकायत की पुष्टि होने पर जांजगीर एसपी ने तुरंत एक्शन लेते हुए प्रधान आरक्षक को निलंबित कर दिया। साथ ही उसे बिर्रा थाने से हटाकर लाइन भेजने का आदेश जारी किया गया है। एसपी ने स्पष्ट कहा कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार और पीड़ितों के साथ दुर्व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है। विभागीय जांच रिपोर्ट आने के बाद आरोपी आरक्षक पर आगे की सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



