
Balod : 100 रुपए के लिए पिता ने बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां ग्राम धोबनी (अ) में एक पिता ने मामूली बात पर अपने ही बेटे पर कुल्हाड़ी (टंगिया) से जानलेवा हमला कर दिया। विवाद सिर्फ 100 रुपए को लेकर हुआ, जो बेटे ने बल्ब खरीदने के लिए मांगे थे।

पैसे मांगने पर बढ़ा विवाद, पिता ने कर दिया हमला
जानकारी के अनुसार, कोमल दुग्गा (31) ने अपने पिता सुमन दुग्गा (54) से बल्ब के लिए 100 रुपए मांगे थे। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। बहस बढ़ने पर गुस्से में आए पिता ने घर में रखी टंगिया उठा ली और बेटे के गले, गर्दन, हाथ, कलाई, दोनों बांह, सिर और पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले के दौरान कोमल गंभीर रूप से घायल हो गया। पिता ने उसे मरा समझकर वहीं छोड़ दिया, लेकिन परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज रायपुर एम्स में जारी है।

आरोपी पिता गिरफ्तार
डौंडी थाना के सहायक उपनिरीक्षक दुर्जन लाल रावटे ने बताया कि आरोपी सुमन दुग्गा के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
गांव में दहशत, परिवार में मातम
घटना के बाद गांव में दहशत और परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घायल युवक की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



