
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भूस्खलन से 2 की मौत, 3 घायल
जंगलचट्टी के पास सुबह 11:20 बजे हुआ हादसा
रुद्रप्रयाग, 18 जून 2025:
उत्तराखंड के केदारनाथ धाम की ओर जाने वाले पैदल मार्ग पर बुधवार को एक भयावह भूस्खलन हुआ, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। यह हादसा सुबह 11:20 बजे जंगलचट्टी के पास हुआ, जब पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर और मलबा नीचे गिरा, जो तीर्थयात्रियों, पालकी वाहकों और कुलियों पर जा गिरा।
हादसे का विवरण
रुद्रप्रयाग के पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि भूस्खलन के कारण मलबा और पत्थर तीर्थयात्रियों और पालकी वाहकों पर गिरे, जिससे वे खाई में जा गिरे।

हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य, जिनमें एक महिला शामिल है, घायल हो गए। घायल महिला को मामूली चोटें आई हैं, जबकि दो पुरुषों को गंभीर चोटों के कारण गौरीकुंड के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। शेष की तलाश जारी है |
बचाव कार्य शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से रस्सियों के सहारे मृतकों और घायलों को खाई से निकाला गया। बचाव कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा, क्योंकि मलबा और पत्थर लगातार गिर रहे थे। पुलिस अभी मृतकों की पहचान करने में जुटी है।
तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित
रुद्रप्रयाग पुलिस ने बताया कि केदारनाथ मार्ग पर तीर्थयात्रियों की आवाजाही पुलिस की निगरानी में जारी है। हादसे के बाद सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है। पुलिस ने तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें 👇👇
https://chat.whatsapp.com/IJrppjHVVwT5Q6vKhLAfuT



