
बिलासपुर मेमू हादसा: CRS ने मांगा लोको पायलट का मोबाइल स्क्रीन टाइम, जांच में आया नया मोड़
बिलासपुर। गेवरा–बिलासपुर मेमू ट्रेन हादसे की जांच अब एक महत्वपूर्ण मोड़ पर पहुंच गई है। कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (CRS) बी.के. मिश्रा ने मृत लोको पायलट विद्यासागर और गंभीर रूप से घायल असिस्टेंट लोको पायलट रश्मि राज के मोबाइल स्क्रीन टाइम की विस्तृत जानकारी मांगी है, ताकि हादसे के ठीक पहले उनकी सक्रियता की सटीक तस्वीर सामने आ सके।

रेलवे अधिकारियों ने दोनों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड तो उपलब्ध करवा दिए हैं, लेकिन स्क्रीन टाइम रिपोर्ट निकालना बड़ा तकनीकी चुनौतीभरा काम साबित हो रहा है, क्योंकि यह डेटा आमतौर पर केवल मोबाइल कंपनियों के पास ही उपलब्ध होता है। इसी कारण जांच कुछ समय से इसी चरण पर अटकी हुई है।
मांगा गया डिजिटल डेटा
CRS की जांच टीम ने इससे पहले बिलासपुर ज़ोन के शीर्ष अधिकारियों से व्हाट्सऐप चैट, यूट्यूब यूज टाइम, इंजन कैमरा फुटेज और वॉयस रिकॉर्डिंग जैसे कई डिजिटल साक्ष्य भी मांगे थे। इनमें से कई जानकारियाँ प्रदान की जा चुकी हैं।

रेलवे सुरक्षा आयुक्त इस डिजिटल डेटा के आधार पर यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि हादसे से पहले दोनों कर्मचारियों का व्यवहार, फोन एक्टिविटी और मानसिक स्थिति कैसी थी। स्क्रीन टाइम रिपोर्ट मिलते ही जांच में बड़ा खुलासा होने की उम्मीद है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



