
यात्री प्रतीक्षालय से गांजा तस्कर गिरफ्तार
ट्रॉली बैग से 9.668 किलो गांजा बरामद, ओडिशा निवासी आरोपी दबोचा
दुर्ग। अंडा थाना पुलिस ने रिसामा रेलवे स्टेशन के यात्री प्रतीक्षालय से एक ओडिशा निवासी गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के ट्रॉली बैग से 9 किलो 668 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 5 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की है।
संबलपुर से लेकर आया था ट्रॉली बैग में भरा गांजा
जानकारी के अनुसार, घटना 22 नवंबर 2025 की है। ओडिशा के संबलपुर निवासी युवक ने अवैध गांजा ट्रॉली बैग में भरकर ट्रेन से दुर्ग जंक्शन तक यात्रा की। यहां वह दल्लीराजहरा जाने वाली लोकल ट्रेन का इंतजार करता रहा और फिर उसी ट्रेन से रिसामा रेलवे स्टेशन पहुंचा।

जीआरपी-आरपीएफ की चेकिंग से भी बच निकला आरोपी
बताया गया कि यात्रा के दौरान आरोपी न तो जीआरपी की नजर में आया और न ही आरपीएफ की चेकिंग में पकड़ा गया। वह पूरी तैयारी के साथ दुर्ग से रिसामा स्टेशन तक पहुंचने में सफल रहा।
गांजा बेचने के दौरान पुलिस ने दबोचा
रिसामा स्टेशन पहुंचने के बाद आरोपी अवैध माल बेचने के लिए बाहर निकला ही था कि अंडा थाना पुलिस ने उसे धर दबोचा। पूछताछ में उसने गांजा तस्करी में शामिल होने की बात कबूल की।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



