
खाना खाने को लेकर विवाद ने ली जान, बस्तर में पति ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या
मामूली विवाद बना खूनखराबे का कारण
बस्तर। जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी पत्नी को डंडे से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि दंपत्ति के बीच रात में खाना खाने को लेकर विवाद हुआ था। झगड़ा इतना बढ़ गया कि आरोपी ने बच्चों के सामने ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी।

घर चलाने के लिए पत्नी करती थी मजदूरी
जानकारी के अनुसार, ग्राम करमरी भाटागुड़ा निवासी रेंगा बघेल (37) बेरोजगार था और इधर-उधर घूमता रहता था। वहीं उसकी पत्नी पूर्णिमा (29) मजदूरी कर परिवार का पेट पालती थी। रोजमर्रा की जिम्मेदारियों के चलते महिला पर आर्थिक बोझ भी था, जिसके कारण अक्सर पति-पत्नी के बीच विवाद होते थे।
पत्नी की हत्या के बाद आरोपी गिरफ्तार
घटना वाली रात भी खाना खाने को लेकर कहासुनी हुई। गुस्से में आकर रेंगा बघेल ने डंडे से हमला कर पत्नी को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही बस्तर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
घटना के समय दंपत्ति के बच्चे भी घर पर मौजूद थे और अपनी मां को इस हालत में देखकर सदमे में हैं। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



