
रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 33.50 लाख की धोखाधड़ी, पुलिस ने 3 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। थाना उतई पुलिस ने ऑपरेशन विश्वास के तहत एक बड़े धोखाधड़ी मामले का खुलासा करते हुए रेलवे में स्थायी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ठगने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 32 बेरोजगार युवकों से मिलकर 33,50,000 रुपये वसूले थे।
नवरात्रि के दौरान शुरू हुई ठगी की कहानी
प्रार्थिया रीति देशलहरा (उम्र 55 वर्ष), निवासी वेदांता नगर, उमरपोटी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि नवरात्रि 2022 के दौरान आरोपी बिशेश्वर मारकंडे उर्फ बिसेसर उनके घर आया था और उसने दावा किया कि वह भारतीय रेलवे माल गोदाम में ‘लीडर’ है तथा बेरोजगारों को तीन महीने के भीतर स्थायी नौकरी लगवा सकता है। इसके बदले प्रति व्यक्ति 2.50 लाख रुपये मांगे गए।

इसके बाद 24 दिसंबर 2022 से 24 अप्रैल 2023 के बीच प्रार्थिया के घर में बैठकर आरोपियों ने कुल 28 युवकों से 33.50 लाख रुपये वसूले। नौकरी न लगने पर जब रकम वापस मांगी गई तो आरोपी लगातार गुमराह करते रहे।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ठगे हुए पैसे से कार खरीदी, घर निर्माण एवं परिवारिक खर्च में रकम उड़ाई। हेमंत साहू, जो रेलवे माल गोदाम श्रमिक संगठन का सचिव था, बेरोजगारों को नौकरी का लालच देकर रकम लेता और बिशेश्वर को कमीशन देता था।
जप्त सामग्री
उतई पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से
- ₹2,22,000 नगद
- 02 कार
- 01 इलेक्ट्रिक ओला स्कूटी
- 04 मोबाइल फोन
- बैंक पासबुक, ATM और अन्य दस्तावेज
जप्त किए हैं।

गिरफ्तारी और कार्रवाई
दिनांक 21.11.2025 को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा हेतु न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक महेश ध्रुव, उपनिरीक्षक प्रमोद सिन्हा, सउनि सुरेश पांडे, आरक्षक राजीव दुबे, महेश यादव, ध्रुव नारायण चंद्राकर और दिलीप सिदार शामिल रहे।
अपराध विवरण
अपराध क्रमांक: 466/2025
धारा: 420, 120बी, 34 भादवि
आरोपी
1. बिशेश्वर मारकंडे उर्फ बिसेसर (58 वर्ष), निवासी ग्राम चारभाटा, रानीतराई
2. प्रमोद कुमार मारकंडे उर्फ राहुल (23 वर्ष), निवासी ग्राम चारभाटा, रानीतराई
3. हेमंत कुमार साहू (37 वर्ष), निवासी सरोना चौक, रायपुर
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



