
Durg : शेयर ट्रेडिंग में पैसा दोगुना करने के नाम पर ठगी, 3 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। जिले में शेयर ट्रेडिंग में रकम दोगुना करने का लालच देकर लाखों रुपए की ठगी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने निशा बिजनेस कंसल्टेंसी और यूनिक इन्वेस्टमेंट सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर फर्जी निवेश योजना चलाते हुए लोगों को भारी मुनाफे का झांसा दिया था।

35 लाख रुपए की ठगी, लग्जरी कार खरीदी
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपियों ने 5 लोगों से करीब 35 लाख रुपए जमा कराए। इस रकम में से लगभग 13 लाख रुपए से उन्होंने एक लग्जरी कार खरीदी थी। निवेशकों को शुरू में कुछ रकम वापस देकर उनका विश्वास जीता गया, लेकिन बाद में संपर्क तोड़कर फरार हो गए।
पीड़ितों की शिकायत पर शुरू हुई कार्रवाई
ठगी का शिकार हुए लोगों ने जब पुलिस में शिकायत की, तब मामले की जांच शुरू हुई। बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और लेन-देन के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान की गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने ठगी में उपयोग किए गए दस्तावेज और लग्जरी कार भी जब्त कर ली है।

निवेश सलाह के नाम पर बनाते थे शिकार
आरोपी खुद को शेयर मार्केट एक्सपर्ट बताते थे और ‘रकम दोगुनी करने’ जैसी गारंटी देकर निवेशकों को फंसाते थे। जांच में यह भी सामने आया कि ये किसी मान्यता प्राप्त ब्रोकरेज कंपनी से जुड़े नहीं थे, बल्कि खुद का फर्जी कंसल्टेंसी नेटवर्क चलाते थे।
पुलिस कर रही आगे की जांच
पुलिस अब आरोपियों के अन्य सहयोगियों की तलाश कर रही है। साथ ही, जिन और लोगों के साथ ठगी हुई है, उनसे आगे आने की अपील की गई है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में ठगी का यह नेटवर्क और भी बड़ा हो सकता है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



