
शेयर ट्रेडिंग में 35 लाख की धोखाधड़ी का भंडाफोड़, सुपेला पुलिस ने 3 आरोपी किए गिरफ्तार
दुर्ग/भिलाई। थाना सुपेला पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफा देने का झांसा देकर 35 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी निशा बिजनेस कंसल्टेंसी और यूनिक इन्वेस्टमेंट सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर लोगों से रकम दोगुनी करने का लालच देकर धोखाधड़ी कर रहे थे।

12–13 लाख रुपये कीमत की कार जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से धोखाधड़ी की रकम से खरीदी गई लगभग 12–13 लाख रुपये कीमत की कार भी जब्त की है। प्रकरण में शामिल मुख्य आरोपी स्नेहांशु नामदेव, उसकी पत्नी डॉली नामदेव और निशा मानिकपुरी पहले से ही धोखाधड़ी के एक अन्य मामले में जेल में बंद हैं।
कैसे हुआ खुलासा?
18 नवंबर 2025 को प्रार्थी अविनाश कुमार ने थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2024 में उसकी मुलाकात सेक्टर-1 भिलाई निवासी चंदर राव, सूर्या कांत निर्मलकर उर्फ विवान सिंघानिया और देवेंद्र सहारे से हुई। इन लोगों ने उसे और उसके परिचितों को शेयर ट्रेडिंग के नाम पर प्रतिमाह 10–15% मुनाफे का लालच देकर निवेश कराने के लिए तैयार किया।
सभी आरोपी गिरफ्तार
06 जून 2025 से 04 अगस्त 2025 के बीच प्रार्थी, उसकी बहन, रिश्तेदारों और दोस्तों से कुल 35 लाख रुपये निवेश करा लिए गए। इसके बाद न तो मुनाफा दिया गया और न मूलधन लौटाया गया।जांच में अपराध सिद्ध होने पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।

गिरफ्तार आरोपी
1. चंदन राव, निवासी सेक्टर 1, भिलाई
2. देवेन्द्र कुमार सहारे, निवासी सेक्टर 1, भिलाई
3. विवान सिंघानिया उर्फ सूर्या कांत निर्मलकर, निवासी सेक्टर 1, भिलाई
पुलिस टीम का योगदान
इस कार्रवाई में निरीक्षक विजय कुमार यादव, उनि दीपक चौहान, उनि चितराम ठाकुर, सउनि संतोष मिश्रा, गंगाराम यादव सहित अन्य स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



