
Bhilai : टाउनशिप में तड़के चेन स्नेचिंग की दहशत, सेक्टर-10 और सेक्टर-1 में दो वारदात
भिलाई नगर। बुधवार सुबह भिलाई टाउनशिप क्षेत्र में चेन स्नेचिंग की दो घटनाओं ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। पहली वारदात भिलाई नगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-10 में हुई, जबकि दूसरी घटना भिलाई भट्टी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मिडिल स्कूल, सेक्टर-1 के पास दर्ज की गई। सुबह करीब 7 बजे मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने टहल रही महिलाओं के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। अचानक हुई इन घटनाओं से क्षेत्र में दहशत फैल गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि संदिग्ध मोटरसाइकिल और युवकों की पहचान के लिए तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
साथ ही, जांच का फोकस इस बात पर भी है कि दोनों घटनाओं को एक ही गिरोह ने अंजाम तो नहीं दिया है।
लगातार बढ़ रही घटनाओं से बढ़ी चिंता
शहर में यह कोई पहली चेन स्नेचिंग की घटना नहीं है। लगभग 15 दिन पहले भी सेक्टर-01 स्थित पोस्ट ऑफिस के पास सुबह करीब 7 बजे इसी तरह चेन स्नेचिंग की वारदात हुई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने स्थानीय नागरिकों में भय का माहौल पैदा कर दिया है।
लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त को और मजबूत करने की जरूरत है, ताकि सुबह-सुबह टहलने निकलने वाली महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



