
अमलेश्वर में दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 2.70 लाख का माल बरामद
अमलेश्वर, 17 जून 2025: थाना अमलेश्वर पुलिस ने एक सनसनीखेज चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी के माल सहित 14 मोबाइल फोन, 8 पावर बैंक, 2 स्मार्ट वॉच, एक स्पीकर और चोरी में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत लगभग 2 लाख 70 हजार रुपये है।
घटना दिनांक 11 जून 2025 की मध्यरात्रि की है, जब जयश्री मोबाइल दुकान, खुडमुड़ा रोड, अमलेश्वर में अज्ञात चोर ने शटर का ताला तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और मोबाइल फोन, पावर बैंक, स्मार्ट वॉच आदि चुरा लिए। दुकान मालिक सुनील टिमरे की शिकायत पर थाना अमलेश्वर में 12 जून 2025 को अपराध क्रमांक 65/2025, धारा 331(4), 305(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देश पर थाना अमलेश्वर और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। टीम ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, मुखबिरों को सक्रिय किया और संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में चिरपिरा भाठागांव निवासी प्रेम साहू (उम्र 19 वर्ष) की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। पूछताछ में प्रेम साहू ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने सरिया से ताला तोड़ा, शटर के नीचे पत्थर अटकाकर दुकान में प्रवेश किया और चोरी की। सीसीटीवी में चेहरा न आए, इसलिए उसने कैमरे के सामने साइनबोर्ड रख दिया था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 5 नए और 9 पुराने मोबाइल फोन, 8 पावर बैंक, 2 स्मार्ट वॉच, एक स्पीकर, चोरी में प्रयुक्त सरिया और एक्टिवा वाहन बरामद किया। साथ ही, चोरी का माल खरीदने वाले खिलेश साहू (उम्र 25 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों के नाम:
- प्रेम साहू, उम्र 19 वर्ष
- खिलेश साहू, उम्र 25 वर्ष (खरीददार)
इस कार्यवाही में उपनिरीक्षक रामनारायण ध्रुव, सउनि नरेन्द्र सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक मेधराज चेलक, मनीष तिवारी, राजकुमार चन्द्रा, अश्वनी यदु, चित्रसेन, अजय ढीमर और कुलेश्वर साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना की और क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें 👇👇
https://chat.whatsapp.com/IJrppjHVVwT5Q6vKhLAfuT



