
करोड़ों की ठगी करने वाला आरोपी पीड़ितों के हत्थे चढ़ा
ट्रांसपोर्ट व्यवसाय के नाम पर 50 से अधिक लोगों से करोड़ों की ठगी, पकड़े जाने के बाद सरकंडा पुलिस को सौंपा गया
बिलासपुर। ट्रांसपोर्ट व्यवसाय और बैंक फाइनेंसिंग के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को आखिरकार पीड़ितों ने खुद तलाशकर पकड़ लिया। आरोपी को पकड़ने के बाद उसे सरकंडा पुलिस के हवाले कर दिया गया, जहां पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बैंक फाइनेंस एजेंटों और कर्मचारियों की मिलीभगत का आरोप
जानकारी के अनुसार, आरोपी सुबनों घोषाल, निवासी राजिकशोर नगर बृज विहार, ने बैंक फाइनेंस एजेंटों और परिवहन विभाग के कुछ कर्मचारियों की सांठगांठ से शहर और आसपास के क्षेत्र के 50 से अधिक लोगों के नाम पर वाहन फाइनेंस कराए। लेकिन लंबे समय से ईएमआई का भुगतान नहीं करने के कारण बैंकों ने वाहनों की सीजिंग शुरू कर दी।
पीड़ितों को हुआ भारी आर्थिक नुकसान
पीड़ित आनिंदो मुखर्जी ने बताया कि उन्होंने ऑनलाइन और चेक दोनों माध्यमों से आरोपी को भुगतान किया था। अकेले उन्होंने ही करीब 65 लाख रुपए आरोपी को दिए हैं। अन्य पीड़ितों ने भी लाखों रुपए डुबो दिए हैं, जिससे सभी आर्थिक संकट में आ गए हैं।
पीड़ितों ने खुद किया आरोपी को ट्रेस
लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस पकड़ नहीं पा रही थी, जिसके बाद पीड़ितों ने स्वयं जानकारी जुटानी शुरू की। कई दिनों की खोजबीन के बाद उन्होंने आरोपी को धरदबोचा और सीधे सरकंडा थाने ले जाकर पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस कर रही है आगे की जांच
सरकंडा थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस फर्जी फाइनेंसिंग, धोखाधड़ी और सांठगांठ से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में और भी लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



