
Bilaspur: पुलिस ग्राउंड में साइकिल चला रही नाबालिग छात्रा से छेड़खानी, आरक्षक गिरफ्तार
कड़े जाने के बाद कोर्ट में पेश, न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी आरक्षक
बिलासपुर। पुलिस ग्राउंड में साइकिल चलाने गई एक नाबालिग छात्रा से छेड़खानी करने वाले आरक्षक को पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना रविवार सुबह की है, जब छात्रा रोज की तरह पुलिस ग्राउंड में एक्सरसाइज और साइकिल चलाने आई थी।

सिविल लाइन टीआई एसआर साहू ने बताया कि पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक दिलीप रौतिया छात्रा को अकेला देखकर उसके पास पहुंचा और छेड़खानी करने लगा। शुरुआती हरकतों को छात्रा ने अनदेखा किया, लेकिन आरोपी के हौसले बढ़ते गए और वह उसे पकड़कर जबरदस्ती करने की कोशिश करने लगा।
छात्रा किसी तरह उसके चंगुल से छूटकर सीधे सिविल लाइन थाने पहुंची और घटना की शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपी आरक्षक के खिलाफ छेड़खानी सहित पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया।
पुलिस ने आरक्षक दिलीप रौतिया को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से न्यायालय ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया। पुलिस विभाग अब आरोपी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की तैयारी भी कर रहा है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



