
सक्ती में टला बड़ा हादसा: सांसद कमलेश जांगड़े के काफिले की 3 गाड़ियां आपस में भिड़ीं, मचा हड़कंप
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में आज दोपहर एक सड़क हादसे में सांसद कमलेश जांगड़े के काफिले की तीन गाड़ियां आपस में भिड़ गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहनों के आगे और पीछे के हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। हादसा हसौद थाना क्षेत्र के धमनी गांव के पास हुआ।

कार्यक्रम से लौट रहे थे कई मंत्री
जानकारी के मुताबिक, जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े, भाजपा जिलाध्यक्ष टिकेश्वर गबेल और जिला पंचायत सभापति आयुष शर्मा का काफिला वित्त मंत्री ओपी चौधरी के कार्यक्रम से लौट रहा था। इसी दौरान आगे चल रही गाड़ी के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे की दो गाड़ियां एक-दूसरे से टकरा गईं। हादसे के वक्त सांसद कमलेश जांगड़े अपनी गाड़ी में मौजूद नहीं थीं, जबकि अन्य सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे
हसौद में 251 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया था, जिसमें वित्त मंत्री ओपी चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए थे। वहीं लौटते समय यह दुर्घटना हुई। स्थानीय ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभाला, जिसके बाद पुलिस टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाकर यातायात बहाल कराया।

हादसे की ये थी वजह
हसौद थाना प्रभारी राजेश पटेल ने बताया कि प्राथमिक जांच में हादसे की वजह आगे चल रहे वाहन का अचानक ब्रेक लगाना और गाड़ियों के बीच कम दूरी होना सामने आया है। फिलहाल, पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



