
कोरबा में हाथियों का आतंक: किसान की झोपड़ी तहस-नहस, 20 एकड़ धान की फसल बर्बाद
कोरबा। कोरबा वन मंडल में लगातार सक्रिय 51 हाथियों ने अब चार अलग-अलग झुंडों में बंटकर ग्रामीण क्षेत्रों में भारी नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया है। हाथियों की गतिविधियों से किसानों में दहशत का माहौल बन गया है। वन विभाग लगातार निगरानी कर रहा है और नुकसान करने वाले झुंडों को जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिश जारी है।
हाथियों के एक झुंड ने बांधापाली गांव के किसान भीखाराम राठिया की झोपड़ी को पूरी तरह तोड़ दिया और लगभग 20 एकड़ धान की फसल को चौपट कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार, हाथी शाम होने के बाद अक्सर भोजन की तलाश में बाहर निकलते हैं और गांव के करीब पहुंचने से पहले जोर से चिंघाड़ते हैं, जिससे लोग पहले ही अपने घरों में लौट आते हैं।

फसलों को लगातार पहुंचा रहे नुकसान
कोरबा रेंज के दरगा इलाके में रहने वाले 10 हाथियों का समूह चचिया क्षेत्र के दो हाथियों से मिल गया है। वहीं कुदमुरा रेंज के गीतकुंवारी के लाबेद गांव के पास एक दंतैल हाथी अकेले घूम रहा है, जिससे वन विभाग की निगरानी और चुनौतीपूर्ण हो गई है। लगातार फसलों और संपत्ति के नुकसान के कारण गांवों में भय का माहौल है, जबकि वन विभाग हाथियों को सुरक्षित रूप से जंगलों की ओर लौटाने में जुटा हुआ है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



