
Kanker: तेज रफ्तार ट्रक ने हार्वेस्टर को मारी टक्कर, 9 लोग घायल, 2 की हालत नाजुक
मरम्मत के दौरान हुआ हादसा, मजदूर और बाइक सवार आए चपेट में
कांकेर। जिले के पखांजूर क्षेत्र में बड़गांव थाना अंतर्गत बड़गांव और छिंदपाल के बीच एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें दो घायलों की हालत नाज़ुक बताई जा रही है। हादसा उस समय हुआ जब सड़क किनारे खड़े हार्वेस्टर की मरम्मत की जा रही थी।

मरम्मत के दौरान अनियंत्रित ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर
जानकारी के मुताबिक, सड़क किनारे हार्वेस्टर का पंचर बनाया जा रहा था। कुछ मजदूर मशीन की मरम्मत में लगे हुए थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधे हार्वेस्टर से भिड़ गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि वहां मौजूद मजदूर और ग्रामीण दूर जा गिरे। इसी बीच सड़क से गुजर रहे दो बाइक सवार भी हादसे की चपेट में आ गए।
9 लोग घायल, 2 की हालत गंभीर
हादसे में कुल नौ लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने तुरंत सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़गांव पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल दो युवकों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
घटना से क्षेत्र में दहशत
अचानक हुए इस हादसे से इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था न होने के कारण ऐसे हादसे अक्सर होते हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



