
फ्लैट किराए पर लेकर चलाते थे ऑनलाइन ठगी का जाल
नोएडा पुलिस ने 8 सदस्यों वाले गैंग का भंडाफोड़ किया
नोएडा। केंद्रीय नोएडा स्थित बिसरख थाना पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग एप के नाम पर ठगी करने वाले एक बड़े संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने फ्लैट किराए पर लेकर ठगी का सेटअप चलाने वाले इस गैंग के 8 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। आरोपियों से भारी मात्रा में कूटरचित बैंक पासबुक, चेकबुक, फर्जी एटीएम कार्ड, प्री-एक्टिवेटेड सिम, 8 लैपटॉप और 56 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
“विनबुज” गेमिंग एप के नाम पर होती थी ठगी
गिरोह “विनबुज” नाम के ऑनलाइन गेमिंग/बैटिंग एप के माध्यम से क्रिकेट, कैसिनो, एविएटर, रूलेट और “हरालाल नंबरिंग गेम” जैसे खेलों के जरिए लोगों को जाल में फंसाता था। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म—इंस्टाग्राम, फेसबुक आदि पर विज्ञापन चलाकर लोगों को बड़ी कमाई का लालच दिया जाता था।
शुरुआत में यूजर्स को छोटी रकम जीताकर उनका भरोसा जीता जाता था, फिर जैसे ही वे बड़ी राशि लगाते, एप में लगातार हार दिखाकर उनकी पूरी रकम डुबो दी जाती। गिरोह रोजाना करीब 8–10 लाख रुपये तक की ठगी कर रहा था।

फर्जी आईडी पर खुलवाए जाते थे खाते
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह फर्जी पहचान के माध्यम से बैंक खाते खुलवाता था। इसके लिए वे किसी और की आईडी लेकर उसी नाम से फर्जी सिम खरीदते और फिर उसी पर बैंक खाता खुलवाते। इन खातों का उपयोग केवल ठगी की रकम इकट्ठा करने और आगे ट्रांसफर करने में किया जाता था।
एक ही आईडी पर गिरोह करीब 3,000 क्लाइंट जोड़ लेता था। जिन खातों में 50 हजार से अधिक की राशि जमा हो जाती, उन्हें तुरंत इनएक्टिव कर दिया जाता ताकि पुलिस की नजर में न आएं।
फ्लैट में चल रहा था पूरा कॉल-सेंटर जैसा सेटअप
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि पुलिस टीम ने रेड के दौरान फ्लैट नंबर 2101, टॉवर-1, ला रेजीडेंसिया सोसायटी में बड़ा सेटअप पकड़ा। अंदर टेबल पर लैपटॉप, मोबाइल फोन, नकली दस्तावेजों और सिम कार्डों का ढेर लगा था। कई आरोपी लैपटॉप पर लाइव गेमिंग व बेंटिंग कमांड्स चला रहे थे, जबकि अन्य फोन पर लोगों से बात कर हार-जीत की बाजी लगा रहे थे।
आठों आरोपी गिरफ्तार, तीन महीने से चला रहे थे ठगी का नेटवर्क
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित सिंह (24), हिमांशु (20), चिराग जैन (21), प्रथम मिश्रा (22), हर्षित वर्मा (23), अंश वर्मा (20), नितिन बाबू (22) और कीर्ति (23) के रूप में हुई है। सभी आरोपी यूपी के इटावा जिले के रहने वाले हैं और पिछले तीन महीनों से इस फ्लैट में बैठकर बड़े पैमाने पर जालसाजी कर रहे थे।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



