
धनसुली गांव में बड़ा हादसा: करंट की चपेट में आकर किसान की मौत, पड़ोसी पर लापरवाही का मामला दर्ज
रायपुर। रायपुर जिले के धनसुली गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां खेत में काम कर रहे किसान की करंट लगने से मौत हो गई। यह हादसा खरोरा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने मामले में मृतक के पड़ोसी के खिलाफ गंभीर लापरवाही का अपराध दर्ज किया है।

करंट से झुलसा किसान, मौके पर मौत
जानकारी के अनुसार, मृतक किसान धनेश वर्मा अपने खेत में निराई (निंदाई) का काम कर रहे थे। इसी दौरान खेत की मेड़ पर लगी जाली में अचानक करंट प्रवाहित हो गया। करंट लगते ही किसान मौके पर ही गिर पड़े, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
बोरवेल के तार से फैला करंट
पुलिस जांच में सामने आया कि यह करंट किसान के पड़ोसी सोनू यदु द्वारा लगाए गए बोरवेल के तार से फैल रहा था। सोनू यदु ने अपने घर के पीछे बने खेत में बोरवेल चलाने के लिए असुरक्षित ढंग से विद्युत तार लगाए थे, जिनके संपर्क में धनेश वर्मा की खेत की जाली आ गई। इसी वजह से पूरे क्षेत्र में करंट फैल गया और हादसा हो गया।
पड़ोसी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
खरोरा पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सोनू यदु के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और विद्युत विभाग को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचित किया गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



