
Durg: महाविद्यालयों–विश्वविद्यालयों में अब बिना अनुमति नहीं होगा कोई कार्यक्रम, प्रशासन ने जारी किए कड़े निर्देश
दुर्ग। जिले में हाल ही में हुई घटना को ध्यान में रखते हुए जिला व पुलिस प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। इसी क्रम में आज विश्वविद्यालयों के रजिस्ट्रारों और महाविद्यालयों के प्राचार्यों की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें कॉलेज परिसरों में सुरक्षा और अनुशासन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।

दिए ये निर्देश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के कार्यक्रम का आयोजन करने से पहले अनिवार्य रूप से जिला प्रशासन से अनुमति लेनी होगी और इसकी सूचना कार्यक्रम से पूर्व पुलिस को देना अनिवार्य होगा। उन्होंने कॉलेज परिसरों में पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगाने, नशामुक्ति नियमों का पालन कराने, नैतिक शिक्षा को बढ़ावा देने और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस के इमरजेंसी मोबाइल नंबर भी सभी को उपलब्ध कराए गए।

महाविद्यालय में कार्यक्रम के लिए अनुमति अनिवार्य
अपर कलेक्टर अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय या महाविद्यालय में आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों की अनुमति अनिवार्य रूप से अनुविभागीय दंडाधिकारी से ली जानी चाहिए, ताकि प्रशासन आवश्यक नियंत्रण बनाए रख सके।बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुखनंदन राठौर, डीएसपी यातायात एसएस विंध्यराज और लगभग 70 महाविद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



