
कोरबा: किसान के घर डकैती… साढ़े 5 लाख की लूट, लगातार पूछा सौम्या चौरसिया के पैसों का ठिकाना
कोरबा। छत्तीसगढ़ की निलंबित प्रशासनिक अधिकारी सौम्या चौरसिया का नाम एक बार फिर सुर्खियों में है। बालको नगर थाना क्षेत्र के तराईडांड गांव में मंगलवार देर रात 15 से अधिक हथियारबंद डकैतों ने किसान शत्रुघन दास के घर पर धावा बोल दिया। डकैतों ने घर के 11 सदस्यों को रस्सी से बांधकर बंधक बनाया और करीब साढ़े 5 लाख रुपये के आभूषण व नगदी लूटकर फरार हो गए। वारदात के दौरान डकैत पीड़ित किसान से बार-बार पूछते रहे—“सौम्या का 20–25 लाख कहां छिपाया है?” इससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
डकैती से जुड़ा चौंकाने वाला खुलासा
पीड़ित परिवार की बेटी बबीता दास, निलंबित IAS अधिकारी सौम्या चौरसिया की क्लासमेट रह चुकी है। दोनों ने दुर्ग में साथ पढ़ाई की थी। कांग्रेस शासनकाल में जब सौम्या ज्वाइंट कलेक्टर और सीएम ऑफिस में उप सचिव थीं, तब बबीता कुछ समय उनके घर पर भी रही थी। बाद में कोयला घोटाले में सौम्या की गिरफ्तारी के बाद बबीता अपने घर लौट आई और शादी कर ली।

घटना का क्रम
11 नवंबर की रात हथियारबंद डकैतों ने शत्रुघन दास के घर पर हमला किया। परिवार को बंधक बनाने के बाद वे साढ़े 5 लाख रुपये के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। 12 नवंबर को एफआईआर दर्ज की गई। गुरुवार को किसान शत्रुघन दास ने बयान में बताया कि डकैत लगातार सौम्या चौरसिया के कथित 20–25 लाख रुपये के बारे में पूछताछ कर रहे थे।
पुलिस का रुख
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश जारी है। हालांकि घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लग सका है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



