
प्रीमियम शराब दुकान का जोरदार विरोध, भीड़ के दबाव में प्रशासन ने संचालन पर लगाई रोक
राजनांदगांव। शहर के घनी आबादी वाले नंदई चौक में प्रस्तावित प्रीमियम शराब दुकान को लेकर शुक्रवार को स्थानीय नागरिकों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। दुकान खुलने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए और तुरंत दुकान बंद करने की मांग करने लगे।
आबकारी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे
स्थिति गंभीर होती देख आबकारी विभाग के अधिकारी और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा समझाइश देने के बावजूद विरोध जारी रहा, जिसके बाद प्रशासन ने फिलहाल दुकान संचालन पर रोक लगाने का आदेश जारी कर दिया ।

स्थायी रूप से बंद करने की मांग
स्थानीय निवासियों का कहना है कि आबादी वाले क्षेत्र में शराब दुकान खुलने से युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और असामाजिक गतिविधियों में बढ़ोतरी की आशंका है। प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय पार्षद को भी मौके पर बुलाने की मांग की, वहीं कुछ भाजपा नेताओं ने वरिष्ठ नेतृत्व से संपर्क कर दुकान को स्थायी रूप से बंद करने की मांग उठाई है।प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि नागरिकों की आपत्तियों को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत समीक्षा की जाएगी और उसके बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



