
Sukma : मरईगुड़ा में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, तीन घर जलकर खाक
सुकमा। कोंटा विकासखंड के मरईगुड़ा वन गांव में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते तीन घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों के बीच सिलेंडर विस्फोट की आशंका से पूरे गांव में अफरा-तफरी फैल गई। हालांकि, जिला प्रशासन की समय पर की गई त्वरित कार्रवाई ने एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने अधिकारियों को तुरंत सक्रिय होने के निर्देश दिए। एसडीएम सुभाष शुक्ला के निर्देशन में आपदा प्रबंधन टीम ने तत्काल पड़ोसी राज्य तेलंगाना के भद्राचलम से फायर ब्रिगेड को बुलाने का निर्णय लिया। यह त्वरित और सीमा-पार समन्वय आग पर काबू पाने में अत्यंत महत्वपूर्ण साबित हुआ।

मौके पर पहुंचा तहसीलदार
तहसीलदार कोंटा गिरीश निंबालकर मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य का नेतृत्व किया। ग्रामीणों के सहयोग और फायर ब्रिगेड की समय पर पहुंच से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
परिवार को मिली 10 हजार की तत्काल सहायता राशि
जिला प्रशासन ने प्रत्येक प्रभावित परिवार को ₹10,000 की तत्काल सहायता राशि, साथ ही खाद्यान्न और अन्य आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध करवाई। प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित अस्थायी आवास की भी व्यवस्था की गई है। आगे सरकारी सहायता सुनिश्चित कराने के लिए मौके पर ही पंचनामा तैयार कर लिया गया है। प्रशासन का लक्ष्य है कि सभी पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द पूर्ण और स्थायी राहत उपलब्ध कराई जा सके।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



