
Surajpur : रिश्वतखोर SDO के पास मिली 52 लाख की एफडी, नगदी जब्त
सरगुजा ACB की टीम ने सूरजपुर जिले के प्रेमनगर में पदस्थ आरईएस (ग्रामीण इंजीनियरिंग सेवा) के SDO ऋषिकांत तिवारी को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई बुधवार शाम को की गई। आरोपी SDO एक निर्माण कार्य के बिल पास करने के लिए ठेकेदार से रिश्वत मांग रहा था।

घर की तलाशी में 52 लाख की एफडी और नकदी बरामद
गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम ने ऋषिकांत तिवारी के घर और कार्यालय में सर्च ऑपरेशन चलाया। जांच में खुलासा हुआ कि SDO ने अपने और परिवार के नाम पर लगभग 52 लाख रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) करा रखी है।
इसके अलावा घर से काफी मात्रा में नगदी, कीमती दस्तावेज और बैंक खातों से संबंधित रिकॉर्ड भी जब्त किया गया है।
बैंकों में जमा लाखों रुपये का भी पता चला
एसीबी की जांच में यह भी सामने आया कि SDO के कई बैंक खातों में लाखों रुपये जमा हैं। टीम अब यह जांच कर रही है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और क्या यह भ्रष्टाचार के जरिए अर्जित की गई है। बैंक लेनदेन और संपत्तियों का पूरा ऑडिट जारी है।

रंगे हाथ पकड़ा गया अधिकारी
सूत्रों के मुताबिक, ठेकेदार की शिकायत पर ACB ने जाल बिछाया था। जैसे ही SDO ने 15 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार की, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। रकम के साथ गिरफ्तारी कई गवाहों की मौजूदगी में की गई।
एसीबी कर रही विस्तृत जांच
एसीबी अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में SDO की संपत्ति उसके ज्ञात आय स्रोतों से कई गुना अधिक पाई गई है। अब अधिकारी की चल-अचल संपत्तियों, बैंक खातों और निवेशों की विस्तृत जांच की जा रही है। जल्द ही भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



