
Raigarh: बाइक चोरी का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार
तमनार पुलिस ने बरामद की तीन चोरी की मोटरसाइकिलें
रायगढ़। तमनार पुलिस ने तेज़ और सक्रिय कार्रवाई करते हुए मोटरसायकल चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की तीन बाइक बरामद की हैं, जिनकी कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपए आंकी गई है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया गया है।

गोहड़ीडीपा में दबिश, संदिग्ध हालत में युवक पकड़ा गया
11 नवंबर 2025 को थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर को मुखबिर से सूचना मिली कि गोहड़ीडीपा तमनार के पास कुछ युवक चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और क्षेत्र में दबिश दी।
दौरे के दौरान पुलिस को एक युवक मोटरसायकल के साथ संदिग्ध अवस्था में मिला, जिसकी पहचान गजानंद राठिया के रूप में हुई।
कड़ाई से पूछताछ में खुला चोरी का राज
मोटरसायकल के संबंध में संतोषजनक जवाब न देने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, जिसमें गजानंद ने बाइक चोरी की बात स्वीकार कर ली।
उसने पुलिस को बताया कि वह रूपेश राठिया और मिथिलेश राठिया के साथ मिलकर उरबा, लारीपानी और पूंजीपथरा क्षेत्र में बाइक चोरी की घटनाएं करता था।
तीन बाइक बरामद, अपराध दर्ज
गजानंद की निशानदेही पर पुलिस ने तीन चोरी की मोटरसायकलें बरामद कीं, जिनमें एक पल्सर 125 सीसी (क्रमांक CG 13 AP 2420) भी शामिल है, जिसे ग्राम उरबा से चोरी किया गया था।
मामले में थाना तमनार में अपराध क्रमांक 267/2025, धारा 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



