
नशे में धुत युवकों ने मचाया उत्पात, “पुलिस” लिखी कार से किया उत्पात
सोनगंगा कॉलोनी में हंगामा, राहगीरों को कुचलने की कोशिश—मुख्य मार्ग पर लगा जाम
बिलासपुर। न्यायधानी में एक बार फिर शराब के नशे में धुत्त युवकों ने हंगामा खड़ा कर दिया। सरकंडा क्षेत्र स्थित सोनगंगा कॉलोनी के सामने दो शराबी युवकों ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया, जिसके कारण मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। जानकारी के मुताबिक युवक एक कार में सवार थे, जिसकी नंबर प्लेट पर बड़े अक्षरों में “पुलिस” लिखा हुआ था।

पुलिसकर्मी का भाई बताकर लोगों को डराने की कोशिश
वाहन चालक ने खुद को पुलिसकर्मी का भाई बताते हुए स्थानीय लोगों को डराने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने नशे की हालत में लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चलाई और कई बार राहगीरों को टक्कर मारने की भी कोशिश की। जब लोगों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों युवक उनसे गाली-गलौज और झड़प पर उतर आए।
सड़क पर अफरा-तफरी, भीड़ जमा—आरोपी मौके से फरार
शराबी युवकों के हंगामे के कारण मुख्य सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और जाम की स्थिति बन गई। घटना को देखते हुए बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। बढ़ती भीड़ और आक्रोश को देखकर आरोपी युवक कार समेत मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी और वाहन नंबर के आधार पर कार्रवाई
सूचना मिलने पर सरकंडा पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, वाहन नंबर और वीडियो के आधार पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर आगे सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



