बस्तर के छात्रावास में लापरवाही: खाना बनाते समय छात्र झुलसा, अफसरों पर मामले को दबाने का आरोप
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में छात्रावास प्रबंधन की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। विकासखंड बकावंड के ग्राम पंचायत बारदा स्थित आदिवासी बालक छात्रावास में खाना बनाते समय एक छात्र बुरी तरह झुलस गया। बताया जा रहा है कि छात्र अपने साथियों के लिए भोजन तैयार कर रहा था, तभी खौलता हुआ तेल उसके ऊपर गिर गया। हादसे में छात्र का चेहरा और शरीर का एक बड़ा हिस्सा गंभीर रूप से जल गया है।

अस्पताल में भर्ती
घटना के बाद घायल छात्र सुमन भद्रे को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज जगदलपुर में भर्ती कराया गया है। वहीं, स्थानीय सूत्रों का कहना है कि छात्रावास में अधीक्षक और रसोइया अक्सर अनुपस्थित रहते हैं, जिसके चलते छात्रों को खुद ही भोजन तैयार करना पड़ता है।
अफसरों ने की मामला दबाने की कोशिश
इस लापरवाही ने छात्रावास व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद अफसरों ने मामले को दबाने की कोशिश की, लेकिन घटना की जानकारी स्थानीय लोगों तक पहुंचने पर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर आक्रोश बढ़ गया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए और छात्रावासों की निगरानी प्रणाली को सख्त किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों ।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



