
Mahasamund : तीन निजी अस्पताल आयुष्मान योजना से निलंबित, तीन माह तक नहीं मिलेगा निःशुल्क इलाज
महासमुंद। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के दिशा-निर्देशों का पालन न करने पर जिले के तीन निजी अस्पतालों को बड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने बताया कि महानदी हॉस्पिटल (महासमुंद), सेवा भवन हॉस्पिटल (ग्राम जगदीशपुर, पिथौरा) और अंबिका हॉस्पिटल (ग्राम खरखरी, सरायपाली) को योजना से तीन माह के लिए निलंबित किया गया है।
नहीं किया जाएगा मरीजों का निःशुल्क उपचार
निलंबन अवधि में इन अस्पतालों में आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों का निःशुल्क उपचार नहीं किया जाएगा। सीएमएचओ ने बताया कि योजना के अंतर्गत पंजीकृत अस्पतालों को पात्र मरीजों को निर्धारित पैकेज के तहत निःशुल्क इलाज प्रदान करना अनिवार्य है।

लापरवाही पर की जाएगी कड़ी कार्रवाई
उन्होंने कहा कि यदि कोई अस्पताल आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों का इलाज करने से इनकार करता है या नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसकी शिकायत टोल फ्री नंबर 104 पर की जा सकती है। साथ ही लिखित शिकायत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय या खंड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में भी दर्ज कराई जा सकती है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसी लापरवाही पर आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



