
Durg: डंडे चलाकर हत्यारों का जुलूस निकाला, पुलिस ने सिखाया सबक
तीन घंटे में तीनों आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने अपराधियों से लगवाए नारे – “क्राइम करना पाप है, पुलिस हमारा बाप है”
दुर्ग। जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत शंकर नगर इलाके में एक युवक की धारदार हथियार से हत्या के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का इलाके में डंडे चलाकर जुलूस निकाला, ताकि लोगों में कानून का भय और अपराधियों के प्रति नफरत का संदेश जाए।
धारदार हथियार से युवक की हत्या
घटना 9 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे की है, जब शंकर नगर निवासी योगेश विश्वकर्मा पर तीन युवकों – तुषार, चंदन और तिलक – ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल योगेश को सरकारी अस्पताल दुर्ग में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या की वजह पुरानी रंजिश थी। बताया जा रहा है कि आरोपी तुषार की पत्नी को लेकर योगेश ने कोई टिप्पणी की थी, जिससे तुषार नाराज था। इसी बात को लेकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर योगेश की हत्या की साजिश रची।
पुलिस की सख्त कार्रवाई – “जुलूस निकालकर सिखाया सबक”
हत्या के आरोप में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को पुलिस ने शंकर नगर इलाके में जुलूस निकालकर घुमाया। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों को डंडे से पीटा और उनसे नारे लगवाए – “क्राइम करना पाप है, पुलिस हमारा बाप है”।
पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई अपराधियों में भय और समाज में विश्वास पैदा करने के उद्देश्य से की गई है।
चाकू बरामद, आरोपी जेल भेजे गए
मामले में पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी जब्त कर लिया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



