
दिल्ली धमाके के बाद राजनांदगांव पुलिस हाई अलर्ट, संवेदनशील क्षेत्रों में की जा रही सघन जांच
राजनांदगांव : दिल्ली में हाल ही में हुए धमाके के बाद राजनांदगांव पुलिस प्रशासन ने जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अलर्ट मोड लागू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में संवेदनशील स्थानों पर विशेष सुरक्षा इंतज़ाम किए जा रहे हैं।
संदिग्ध जगहों की लगातार सर्चिंग जारी
जिले के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, भीड़-भाड़ वाले बाजारों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर बॉम्ब डिस्पोज़ल स्क्वॉड (BDS) और डॉग स्क्वॉड की टीमों द्वारा लगातार सर्चिंग की जा रही है। किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

पेट्रोलिंग बढ़ाने और निगरानी तेज करने के निर्देश
थाना बागनदी, सोमानी, डोंगरगांव, चिखली, बसंतपुर, लालबाग और कोतवाली क्षेत्र में चौक-चौराहों तथा बॉर्डर इलाकों पर वाहनों और व्यक्तियों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस टीमों को पेट्रोलिंग बढ़ाने और निगरानी तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस पूरी तरह सतर्क
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। राजनांदगांव पुलिस ने कहा है कि जिले में शांति और जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और तत्पर है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



