March 3, 2026
नाबालिग ने की भाई-बहन की हत्या, “चोरनी” बोलने से थी आहत

नाबालिग ने की भाई-बहन की हत्या, “चोरनी” बोलने से थी आहत

Nov 10, 2025

छुईखदान थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस ने 12 घंटे में किया खुलासा

छुईखदान (जिला कवर्धा/केसीजी)। थाना छुईखदान क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग बालिका ने अपने रिश्ते के भाई और बहन की हत्या कर दी। वजह केवल इतनी थी कि बच्चे उसे “चोरनी” कहकर चिढ़ा रहे थे। पुलिस ने मामले का खुलासा 12 घंटे के भीतर करते हुए बालिका को हिरासत में ले लिया है।

घटना की जानकारी पर मचा हड़कंप

मृतक बच्चों की पहचान करण वर्मा (4 वर्ष) और राधिका उर्फ वैशाली वर्मा (2 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों के पिता गजानंद वर्मा (30 वर्ष), निवासी झूरानदी, थाना छुईखदान ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।
उन्होंने बताया कि 10 नवंबर को गांव की चंचल वर्मा ने उन्हें आकर बताया कि उनके दोनों बच्चे गायब हैं। यह सुनते ही गजानंद वर्मा अपनी पत्नी और अन्य ग्रामीणों के साथ घर लौटे और आसपास के क्षेत्रों में बच्चों की तलाश शुरू की।

कुएं में मिले दोनों बच्चों के शव

खोजबीन के दौरान गांव के कमलेश्वर वर्मा और समलीया वर्मा ने बताया कि ओमकार वर्मा के बाड़ी के कुएं में एक बच्चा दिखाई दे रहा है। मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों ने देखा तो राधिका का शव पानी में तैरता हुआ मिला। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया।
कुएं में पानी ज्यादा होने की वजह से मोटर पंप मंगाया गया और पानी निकालने के बाद छोटे बेटे करण वर्मा का शव भी बरामद हुआ। दोनों की मौत हो चुकी थी।

पुलिस की तत्परता से सुलझा मामला

घटना की सूचना पर थाना छुईखदान पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 422/2025, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में गांववालों से पूछताछ के दौरान एक संदेही नाबालिग बालिका को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में बालिका ने अपराध कबूल करते हुए बताया कि उसका रिश्ते का भाई उसे “चोरनी” कहकर चिढ़ाता था। गुस्से में आकर उसने दोनों बच्चों को बाड़ी के कुएं में धकेल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

नाबालिग को किया जाएगा किशोर न्यायालय में पेश

पुलिस ने बालिका को विधि अनुसार संघर्षरत बालिका की श्रेणी में लेते हुए रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया शुरू की है।
केसीजी पुलिस टीम की तत्परता और संवेदनशीलता से महज 12 घंटे में जघन्य हत्याकांड का खुलासा किया गया।

 

 

👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix