
डीआरआई ने सोने की तस्करी रैकेट का किया भंडाफोड़; 1.41 करोड़ रुपये का सोना जब्त, 2 गिरफ्तार
मुंबई, 15 जून 2025 : राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने एक बड़े सोने की तस्करी रैकेट का पर्दाफाश करते हुए इसके “मास्टरमाइंड” और एयर इंडिया के एक क्रू मेंबर को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि इनके पास से 1.41 करोड़ रुपये मूल्य का सोना जब्त किया गया है।
डीआरआई को खुफिया जानकारी मिली थी कि एयरलाइन क्रू मेंबर्स की मिलीभगत से अमेरिका से भारत में विदेशी मूल के सोने की तस्करी की जा रही है। इसके आधार पर मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर निगरानी तेज कर दी गई।

एक अधिकारी के अनुसार, डीआरआई ने शुक्रवार को न्यूयॉर्क से मुंबई पहुंची एयर इंडिया की उड़ान AI-116 के एक पुरुष क्रू मेंबर को रोका। पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि उसने विदेशी मूल के सोने की छड़ों से भरा एक पाउच, जिसे काले डक्ट टेप में लपेटा गया था, पोस्ट-फ्लाइट ब्रेथलाइजर टेस्ट के दौरान बैगेज सर्विस एरिया के पास छिपाया था।
डीआरआई ने पाउच बरामद किया, जिसमें 1,373 ग्राम वजन की विदेशी मूल की सोने की छड़ें मिलीं। जब्त सोने का मूल्य लगभग 1.41 करोड़ रुपये आंका गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि डीआरआई तस्करी के इस नेटवर्क के अन्य संभावित सदस्यों और संबंधित गतिविधियों का पता लगाने के लिए गहन जांच कर रही है। यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने की तस्करी के खिलाफ डीआरआई की सतर्कता और प्रभावी कार्रवाई को दर्शाती है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें 👇👇
https://chat.whatsapp.com/IJrppjHVVwT5Q6vKhLAfuT



