
Raipur में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 280 नशीली टैबलेट्स के साथ युवक गिरफ्तार
खम्हारडीह थाना पुलिस ने चंडी नगर रोड में दी दबिश
रायपुर। राजधानी रायपुर की खम्हारडीह थाना पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। शनिवार को पुलिस ने चंडी नगर रोड स्थित सेंट जेवियर स्कूल के पास खाली प्लॉट में दबिश दी और मौके पर 19 वर्षीय भूषण साहू को नशीली टैबलेट्स की बिक्री करते हुए रंगे हाथ पकड़ा।

280 नग नशीली टैबलेट्स बरामद
आरोपी के पास से पुलिस ने 280 नग निट्राजेपम टैबलेट्स (नाइट्रोसन R-10) बरामद की हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी इन नशीली गोलियों को स्थानीय युवाओं को ऊंचे दामों पर बेचता था। बरामद टैबलेट्स को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उप निरीक्षक के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई उप निरीक्षक हेमराज पटेल के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि चंडी नगर रोड के खाली प्लॉट में एक युवक संदिग्ध रूप से नशीले पदार्थों की बिक्री कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस की सतत निगरानी
थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार रोकने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। विशेष अभियान के तहत ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है जो नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री में लिप्त हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



