
रायपुर में दर्दनाक हादसा: कार की चपेट में आए 65 वर्षीय वृद्ध की मौत
तिवरैया मोड़ के पास हुआ हादसा, चालक सीख रहा था कार चलाना
रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। हादसा तिवरैया मोड़ के पास हुआ, जहां एक युवक द्वारा चलाई जा रही कार ने सड़क किनारे सोए हुए वृद्ध को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल वृद्ध को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

कार सीख रहा था युवक, दिवाली पर ली थी नई कार
मृतक की पहचान मनीराम वर्मा (65 वर्ष) पिता लग्गू राम वर्मा, निवासी गोड़ही के रूप में हुई है। मनीराम तिवरैया मोड़ के पास पान ठेला चलाता था। बताया जाता है कि दोपहर के समय वह ठेले के पास ही आराम करने के लिए लेटा हुआ था, तभी कार चालक इंद्र कुमार पिता मंतराम, निवासी गोड़ही, ने अपनी कार (क्रमांक CG 04-QZ-8613) चलाते हुए मनीराम को कुचल दिया।
जानकारी के मुताबिक, युवक कार चलाना सीख रहा था और उसने यह कार दिवाली के मौके पर ही खरीदी थी।
एक ही गांव के हैं आरोपी और मृतक
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी चालक और मृतक दोनों एक ही गांव, गोड़ही के निवासी हैं। घटना से गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस ने आरोपी और वाहन किया जब्त
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक इंद्र कुमार को हिरासत में लिया। दुर्घटना में प्रयुक्त वाहन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस ने मामले में अपराधिक प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



