
रायपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 6 माह से फरार इतिहासशीटर वीरेंद्र सिंह तोमर उर्फ रूबी गिरफ्तार
ग्वालियर से पकड़ा गया आरोपी, करोड़ों की अवैध वसूली और आर्म्स एक्ट के मामलों में था फरार
करोड़ों की अवैध वसूली और अवैध संपत्ति के मामले में था आरोपी
रायपुर। राजधानी पुलिस ने रविवार को एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग छह माह से फरार चल रहे आरोपी वीरेन्द्र सिंह तोमर उर्फ रूबी को ग्वालियर (मध्य प्रदेश) से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना तेलीबांधा और पुरानी बस्ती में मारपीट, अवैध संपत्ति, आर्म्स एक्ट और करोड़ों रुपये की अवैध वसूली के कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

‘विस्टों फाइनेंस’ के नाम पर चलाता था उगाही का नेटवर्क
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी वीरेन्द्र तोमर ने ‘विस्टों फाइनेंस’ नाम से एक ग्रुप बनाकर बड़े पैमाने पर अवैध वसूली का कारोबार चला रखा था। पुलिस को आरोपी के ठिकाने से करोड़ों रुपये के लेन-देन का हिसाब-किताब मिला था।
फरारी के दौरान बदलता रहा ठिकाने, पुलिस टीमों ने कई राज्यों में की खोज
पुलिस के मुताबिक, वीरेन्द्र तोमर और उसका भाई रोहित सिंह तोमर लंबे समय से फरार थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार लोकेशन बदलते रहे। दोनों किसी भी डिजिटल डिवाइस का इस्तेमाल नहीं कर रहे थे ताकि ट्रैक न हो सकें।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर रायपुर पुलिस की विशेष टीमों को राजस्थान, हरियाणा और ग्वालियर भेजा गया था। आखिरकार टीम ने ग्वालियर में रूबी को लोकेट कर सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के घर से पहले भी बरामद हुए थे अवैध हथियार
पुलिस ने बताया कि तलाशी के दौरान आरोपी के घर से अवैध हथियार पहले ही जब्त किए जा चुके हैं। वहीं, उसकी अवैध संपत्तियों की कुर्की की प्रक्रिया जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



