
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी से पहले सक्रिय हुए बिचौलिए, यूपी से आ रही पिकअप में पकड़ा गया अवैध धान
बलरामपुर पुलिस और राजस्व टीम की बड़ी कार्रवाई — जंगल से 143 बोरी धान जब्त
धान खरीदी की शुरुआत से पहले ही पड़ोसी राज्यों के बिचौलिए सक्रिय हो गए हैं। जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड में पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध धान परिवहन का भंडाफोड़ किया है। यूपी से आ रही एक पिकअप वाहन को जब्त किया गया, जबकि दो अन्य वाहन चालक टीम को देखकर फरार हो गए।
गश्ती के दौरान पकड़ी गई पिकअप
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नेताम ने बताया कि राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम गश्त पर थी, तभी उत्तर प्रदेश से आ रही एक पिकअप वाहन को रोका गया। जांच में वाहन में बड़ी मात्रा में धान भरा पाया गया, जिसे अवैध रूप से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा था।

दो वाहन चालक धान छोड़कर भागे
टीम की मौजूदगी की भनक लगते ही दो अन्य वाहन चालक धान की बोरियां जंगल में छोड़कर फरार हो गए। मौके पर मौजूद टीम ने वहां रखे 143 बोरी धान को जब्त कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
अवैध परिवहन पर कड़ी निगरानी
एसडीएम नेताम ने बताया कि जिले में अवैध धान परिवहन और भंडारण पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। किसी भी व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से धान की खरीदी या आवाजाही करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रात में गश्त और तेज की जाएगी
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आगामी दिनों में रात के समय गश्त बढ़ाई जाएगी, ताकि बिचौलियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी उपज को केवल अधिकृत धान खरीदी केंद्रों में ही बेचें।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



