
बंदी हथकड़ी तोड़कर फरार, जिला अस्पताल में मचा हड़कंप
जांजगीर-चांपा जिला अस्पताल से बंदी पंचराम निषाद की फरारी से पुलिस महकमे में हड़कंप
जिला अस्पताल परिसर में आज सुबह सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक सामने आई, जब बंदी वार्ड में भर्ती एक बंदी हथकड़ी से हाथ निकालकर फरार हो गया। घटना के बाद अस्पताल और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
हथकड़ी से हाथ निकालकर हुआ फरार
जानकारी के अनुसार, फरार बंदी का नाम पंचराम निषाद है, जिसे नवागढ़ पुलिस ने ठगी के कई मामलों में गिरफ्तार किया था। उसे जिला अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया था, लेकिन मौके का फायदा उठाकर वह हथकड़ी से हाथ निकालकर भाग निकला।

जेल और अस्पताल के बयानों में विरोधाभास
घटना के बाद जिला जेल और अस्पताल प्रशासन के बयानों में विरोधाभास सामने आया है।
जेलर के अनुसार, बंदी पंचराम का हाथ टूटा था और उसका प्लास्टर लगाया जाना था।
जबकि सिविल सर्जन ने बताया कि बंदी को बुखार और डायरिया की शिकायत थी, इसलिए उसे भर्ती किया गया था।
यह विरोधाभास प्रशासनिक जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर रहा है।
पहले भी जेल से हो चुका है फरार
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पंचराम निषाद एक शातिर ठग है, जिस पर प्रदेश के कई जिलों में ठगी के मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि वह पहले भी जेल से फरार हो चुका है।
पुलिस ने शुरू की तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने बंदी की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में घेरा बंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



