
अवैध धान परिवहन और भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 900 बोरी धान जब्त
रायगढ़। राज्य शासन के निर्देशानुसार आगामी धान उपार्जन सत्र (15 नवंबर 2025 से) की तैयारी को लेकर जिला प्रशासन ने अवैध धान परिवहन और भंडारण पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में प्रशासनिक अमला सक्रिय रूप से निगरानी अभियान चला रहा है।
उपार्जन केंद्रों में की जा रही है पुख्ता तैयारी
धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में तौल मशीन, बारदाना, पेयजल, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित किया जा रहा है। अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं ताकि खरीदी सत्र की शुरुआत में किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

सीमावर्ती क्षेत्रों पर कड़ी निगरानी
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले की सीमाओं पर कड़ी निगरानी रखी जाए ताकि अन्य जिलों या राज्यों से अवैध रूप से लाए जा रहे धान को प्रवेश न मिल सके। इसके लिए पुलिस, खाद्य और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को तैनात किया गया है।
900 बोरी धान जब्त, कार्रवाई जारी
अभियान के दौरान प्रशासन ने अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे करीब 900 बोरी धान को जब्त किया है। संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा है कि अवैध धान परिवहन या भंडारण में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



