
रायपुर पुलिस की कार्रवाई: भीड़ का फायदा उठाकर चोरी करने वाली नागपुर की महिला गिरोह की 4 सदस्य गिरफ्तार
रायपुर, 15 जून 2025:
रायपुर पुलिस ने भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाली नागपुर, महाराष्ट्र की एक अंतर्राज्यीय महिला गिरोह की चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, थाना गोलबाजार और थाना मौदहापारा की संयुक्त टीम द्वारा की गई। गिरोह की इन महिलाओं ने ई-रिक्शा में सवार लोगों को निशाना बनाकर चोरी की थी। उनके कब्जे से कुल 35,700 रुपये की नकदी जप्त की गई।
गोलबाजार में चोरी की घटना
प्रार्थी आरिफ खान, निवासी बलौदाबाजार, ने थाना गोलबाजार में शिकायत दर्ज की कि वह अपनी दुकान के लिए सामान खरीदने रायपुर आए थे। उन्होंने अपने बैग में नकदी रखी थी और तेलीबांधा से जय स्तंभ चौक तक ई-रिक्शा में सफर किया। इस दौरान दो महिलाएं उनके साथ पीछे की सीट पर बैठी थीं। जय स्तंभ चौक उतरने के बाद गोलबाजार पहुंचकर जब उन्होंने बैग चेक किया, तो नकदी गायब थी। शक है कि ई-रिक्शा में सवार दोनों महिलाओं ने उनकी नकदी चुराई।

मौदहापारा में दूसरी घटना
19 अप्रैल 2025 को प्रार्थी मुकेश कुमार भोजवानी, निवासी तिल्दा नेवरा, ने थाना मौदहापारा में शिकायत दर्ज की। वे अपने जनरल स्टोर के लिए सामान लेने रायपुर आए थे और बैग में नकदी रखी थी। वे रेलवे स्टेशन के पास गुरुद्वारा से शारदा चौक जाने के लिए ई-रिक्शा में सवार हुए, जिसमें पहले से दो महिलाएं, एक पुरुष और एक अन्य सवारी थी। मंजू ममता होटल के सामने उतरने के बाद जब उन्होंने बैग चेक किया, तो नकदी गायब थी। इस मामले में भी ई-रिक्शा में सवार महिलाओं पर चोरी का शक हुआ।
पुलिस की जांच और गिरफ्तारी
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, थाना गोलबाजार और थाना मौदहापारा की संयुक्त टीम ने प्रार्थियों से विस्तृत पूछताछ की और अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की। टीम ने प्रार्थियों द्वारा बताए गए मार्गों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों की मदद ली। जांच के दौरान चार महिला आरोपियों—मालती शेंडे, प्रिया इंचुरकर, शालीता उफाडे और संगीता पात्रे—को पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने दोनों घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया।थाना गोलबाजार के मामले में मालती शेंडे और प्रिया इंचुरकर से 25,500 रुपये, जबकि थाना मौदहापारा के मामले में शालीता उफाडे और संगीता पात्रे से 10,200 रुपये की चोरी की नकदी जप्त की गई।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें 👇👇
https://chat.whatsapp.com/IJrppjHVVwT5Q6vKhLAfuT



