
रसमड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में कॉपर केबल चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार, 12 घंटे में पुलिस की बड़ी सफलता
दुर्ग। पुलगांव थाना पुलिस ने रसमड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में हुई कॉपर केबल चोरी का खुलासा करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना की शिकायत 7 नवंबर को प्रार्थी वसीम अली ने दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने एशियन केबल कंपनी के लगभग 100 मीटर कॉपर केएससी केबल चोरी होने की जानकारी दी थी, जिसकी कीमत करीब 6 लाख रुपए बताई गई थी।
शिकायत मिलते ही पुलगांव थाना और अंजोरा चौकी की टीम सक्रिय हुई और संदिग्ध वाहनों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलगांव चौक में टाटा-एस (CG-07-CX-5138) वाहन को रोका गया, जिसमें तिरपाल के नीचे कॉपर केबल छिपाया गया था। वाहन की पायलटिंग कर रही दो संदिग्ध बाइकों को भी रोका गया।

पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों — हेमराज ढीमर, रहमान लाल श्रीवास, देवेंद्र उर्फ नन्नी निर्मलकर, किशन कुमार ठाकुर, ओम प्रकाश यादव, केवेंद्र पटेल और निखिल कुमार साहू — ने स्वीकार किया कि 1 नवंबर की रात वे गिरोह के सरगना के निर्देश पर बड़े कैंचा, टाटा-एस वाहन और दो बाइकों के साथ निर्माणाधीन सब स्टेशन पहुंचे थे। यहां से उन्होंने केबल ड्रम को काटकर करीब 100 मीटर एशियन कॉपर केबल चोरी की और उसे वाहन सहित छिपा दिया।
पुलिस ने आरोपियों से एक टाटा-एस वाहन, दो बाइक और करीब 300 किलो चोरी का कॉपर केबल बरामद किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना पुलगांव में धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



