
बिहान योजना में 20 लाख की धोखाधड़ी, 19 महिला समूहों की किस्तें हड़पने वाली सचिव गिरफ्तार
दुर्ग। छत्तीसगढ़ की बिहान योजना में एक बड़े वित्तीय घोटाले का खुलासा हुआ है। पुलगांव पुलिस ने महिला स्व-सहायता समूहों की लोन किश्तें जमा करने के बजाय करीब 20 लाख रुपए गबन करने वाली सचिव मनीता निषाद को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले 17 महीनों से फरार चल रही थी।
पुलिस पूछताछ में मनीता ने स्वीकार किया कि उसने गबन की गई राशि का उपयोग कोटनी और नांदगांव स्थित अपने मकान के निर्माण में किया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

आरोपी के खिलाफ दो अलग-अलग समूह अध्यक्षों ने शिकायत दर्ज कराई है-
- पहली शिकायत प्रगति स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष हेमकल्याणी साहू ने की, जिसके अनुसार आरोपी ने सरस्वती, मां बगदई, लक्ष्मी, एकता, सखी, धनलक्ष्मी, दुर्गा, गरिमा और प्रज्ञा महिला समूह से 6.19 लाख रुपए की गड़बड़ी की।
- दूसरी शिकायत नव जागृति समूह की अध्यक्ष दिव्या साहू ने दर्ज कराई, जिसमें नव जागृति, उज्ज्वला, आस्था, राधे-राधे, साधना, प्रेरणा, प्रगति, नवा अंजोर, जय माँ शीतला और वैभव महिला समूह से 13.87 लाख रुपए गबन का आरोप है।

नोटिस आने पर हुआ धोखाधड़ी का खुलासा
दोनों अध्यक्षों ने बताया कि महिला समूहों ने बिहान योजना के तहत बैंक से ऋण लिया था। किश्त जमा करने की जिम्मेदारी सचिव मनीता निषाद के पास थी। वह हर माह समूह की महिलाओं से पैसे तो लेती थी, लेकिन बैंक में जमा नहीं कर रही थी। बैंक से नोटिस आने पर धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। पंचायत ने उसे पैसे जमा करने को कहा, लेकिन आरोपी गायब हो गई।लंबे समय बाद लौटने पर समूह की महिलाओं ने पुलिस में शिकायत कर दी, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



