
नकली पुलिसकर्मी बनकर ठगी करने वाला गिरफ्तार, खाकी वर्दी–स्टार–नेमप्लेट सहित सामान बरामद
केजीसी: नकली पुलिस बनकर लोगों को ठगने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, और उसके पास से खाकी वर्दी समेत कई सामान बरामद किए गए हैं। यह सफलता छुईखदान थाने और साइबर सेल की संयुक्त टीम की मिली है, जिन्होंने चंद घंटों के भीतर ही इस धोखेबाज को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी की पहचान गुप्तेश्वर तिवारी उर्फ जी.पी. पांडे (28 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कि चंगुर्दा, गातापार का रहने वाला था। वह पुलिस की वर्दी पहनकर अलग-अलग इलाकों में लोगों को ठग रहा था।
शिकायतकर्ता सुखऊ राम नेताम ने बताया कि आरोपी ने उनके भतीजे धनेश्वर नेताम को पुलिस में नौकरी दिलवाने का झांसा देकर उनसे 1,06,000 रुपये ठग लिए। इस शिकायत के आधार पर, छुईखदान थाने में मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस की वर्दी पहनकर करता था ठगी
पुलिस ने घेराबंदी करके आरोपी को पकड़ा, और पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बोरतालाब (राजनांदगांव) और मोहगांव क्षेत्रों में भी पुलिस की वर्दी पहनकर ठगी करने की बात स्वीकार की।
कई सामान बरामद
आरोपी के पास से पुलिस ने कई चीजें बरामद कीं, जिनमें खाकी वर्दी का एक जोड़ा, कॉम्बेड वर्दी का एक जोड़ा, ‘G.P. Tiwari’ लिखा नेमप्लेट, छत्तीसगढ़ पुलिस का लोगो लगा हुआ लेनयार्ड, लाल रंग का नया लेदर बेल्ट (पुलिस लोगो सहित), तीन-सितारे वाले फ्लैप, एक एंड्रॉयड मोबाइल, और कुछ नकदी शामिल हैं।

पुलिस की तत्परता से नकली पुलिसकर्मी को पकड़कर पुलिस विभाग की छवि को नुकसान होने से बचाया गया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर उपजेल सलोनी भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में केसीजी पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



