
होटल में बुजुर्ग को लूंगी पहनने पर बाहर निकाला गया, हंगामे के बाद प्रबंधन ने मांगी माफी
रायगढ़ में सांस्कृतिक अपमान का विरोध, सोशल मीडिया पर भी लोगों ने जताई नाराजगी
रायगढ़। जूट मिल थाना क्षेत्र स्थित होटल अमाया में शुक्रवार रात एक साधारण डिनर विवाद का कारण बन गया, जब एक बुजुर्ग व्यक्ति को पारंपरिक लूंगी पहनने के कारण होटल से बाहर निकाल दिया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों और युवाओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और होटल प्रबंधन को अंततः माफी मांगनी पड़ी।

पारंपरिक पोशाक को लेकर विवाद
जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग व्यक्ति महज खाना खाने होटल पहुंचे थे। लेकिन होटल के कर्मचारियों ने उनके परिधान को “अनुचित” बताते हुए उनसे बाहर जाने के लिए कहा। यह व्यवहार वहां मौजूद अन्य ग्राहकों और स्थानीय लोगों को नागवार गुज़रा। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ी संस्कृति और पारंपरिक पहनावे का अपमान बताया।
युवाओं ने किया विरोध प्रदर्शन
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय युवा होटल के बाहर जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने होटल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि लूंगी जैसी पारंपरिक पोशाक पर रोक लगाना छत्तीसगढ़ की अस्मिता का अपमान है। युवाओं ने होटल से सार्वजनिक माफी की मांग की।
प्रबंधन ने मांगी माफी
बढ़ते विवाद और लोगों के आक्रोश को देखते हुए होटल प्रबंधन ने तत्काल माफी मांग ली। उन्होंने बयान जारी कर कहा कि यह घटना “गलतफहमी” के चलते हुई और होटल सभी ग्राहकों का सम्मान करता है, चाहे वे किसी भी परिधान में हों।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



