
उरला की डामर फैक्ट्री में आग का तांडव, अपर्याप्त इंतजामों ने बढ़ाई मुश्किलें
बदबू और धुएं से सैकड़ों लोग घंटों परेशान, सात दमकल वाहनों ने पाया काबू
रायपुर,उरला, 14 जून 2025
शनिवार दोपहर रायपुर के उरला थाना क्षेत्र अंतर्गत बोरझरा में स्थित एक डामर फैक्ट्री में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। वेस्टर्न तार प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड की इस फैक्ट्री में आग इतनी तेजी से फैली कि कर्मचारियों को जान बचाने के लिए भागना पड़ा। दोपहर 12 बजे पुलिस को सूचना मिली, जिसके बाद सात दमकल वाहन और दो दर्जन से अधिक कर्मियों की मदद से घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
उरला टीआई के अनुसार, फैक्ट्री में आग से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं थे, जिसके कारण आग बेकाबू हो गई। फैक्ट्री में मौजूद डामर और केमिकल्स ने आग को और भड़काया, जिससे बुझाने में दमकल कर्मियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। आग से उठा गहरा धुआं और तीखी बदबू ने करीब डेढ़ किलोमीटर के दायरे में लोगों का जीना मुहाल कर दिया। स्थानीय लोगों ने कई घंटों तक सांस लेने में तकलीफ और आंखों में जलन की शिकायत की।

केमिकल्स ने बढ़ाई रेस्क्यू की चुनौती
फैक्ट्री में डामर निर्माण के लिए बड़ी, मेंंशनीयता में केमिकल्स का भंडार था, जिसके जलने से आग आसानी से काबू में नहीं आ रही थी। धुएं और गंध ने रेस्क्यू ऑपरेशन को और जटिल बना दिया। दमकल कर्मियों ने किसी तरह कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि के लिए जांच शुरू कर दी है।
फैक्ट्री मालिक से पूछताछ बाकी, नुकसान का आकलन नहीं
पुलिस के अनुसार, फैक्ट्री आशुतोष शर्मा के नाम से पंजीकृत है। अभी तक उनसे पूछताछ नहीं हुई है, इसलिए नुकसान का सटीक आकलन नहीं हो सका। रेस्क्यू में निजी दमकल वाहनों के साथ-साथ नगर सेना और फायर ब्रिगेड की टीमें भी शामिल हुईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के कारणों की गहन जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री में सुरक्षा इंतजामों की कमी पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं भविष्य में टालने के लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन इस हादसे ने औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों की पोल खोल दी है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें 👇👇
https://chat.whatsapp.com/IJrppjHVVwT5Q6vKhLAfuT



