
छत्तीसगढ़ की डॉक्यूमेंट्री फिल्म “भीम चिंताराम” ने बढ़ाया देश का मान, अमेरिकी अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में हुई चयनित
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है। 2 नवंबर को अमेरिका में आयोजित प्रतिष्ठित अमेरिकन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में राज्य की डॉक्यूमेंट्री फिल्म “भीम चिंताराम” का चयन किया गया है। इस उपलब्धि ने न सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे भारत का मान बढ़ाया है।
जानकारी के अनुसार, इस महोत्सव में दुनियाभर के 154 देशों से कुल 2,974 फिल्मों की प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं, जिनमें से केवल चयनित कुछ उत्कृष्ट फिल्मों को ही स्थान मिला। इन्हीं में छत्तीसगढ़ की “भीम चिंताराम” भी शामिल है।

निर्देशक एस. अंशु धुरंधर ने बनाई है फिल्म
यह फिल्म निर्देशक एस. अंशु धुरंधर द्वारा बनाई गई है और यह राज्य के जननायक व समाजसेवी दाऊ चिंताराम टिकरिहा के जीवन और योगदान पर आधारित है। फिल्म निर्माण में तीन वर्षों का गहन अनुसंधान और 245 लोगों के साक्षात्कार शामिल रहे हैं, जिससे यह डॉक्यूमेंट्री ऐतिहासिक और सामाजिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बन गई है।
फिल्म “भीम चिंताराम” ने एक नया इतिहास रचा
लगभग पांच चरणों की कठोर चयन प्रक्रिया के बाद भारत की केवल आठ फिल्मों को इस अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में स्थान मिला, जिनमें “भीम चिंताराम” ने छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर एक नया इतिहास रचा है। फिल्म समीक्षकों के अनुसार, “भीम चिंताराम” न सिर्फ एक जीवनी आधारित फिल्म है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की सामाजिक चेतना, नेतृत्व और जनसेवा की भावना को विश्व मंच पर उजागर करती है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



