
दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध चाकू रखने और सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ पोस्ट करने वालों पर शिकंजा
दुर्ग, 01 नवम्बर 2025। दुर्ग पुलिस ने जिले में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाओं पर सख्त रुख अपनाते हुए अवैध हथियार रखने और सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ पोस्ट करने वालों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले भर में विशेष अभियान चलाया गया, जिसके तहत ऑनलाइन प्लेटफार्म — अमेज़न, फ्लिपकार्ट और मीशो के माध्यम से खरीदे जा रहे अवैध चाकुओं और हथियारों पर रोक लगाने की कार्रवाई की गई।

12 हथियार जब्त
पुलिस की तकनीकी सेल और एसीसीयू टीम ने बीते चार दिनों में कई लोगों के सोशल मीडिया और इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच की। जांच में कई संदिग्ध सामने आए, जिनके खिलाफ संबंधित थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।थाना कोतवाली दुर्ग में 2 व्यक्तियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। थाना छावनी क्षेत्र में 12 हथियार जब्त किए गए। जिन व्यक्तियों के पास हथियार नहीं मिले, उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

पोस्ट को पुलिस ने हटवाया
वहीं नाबालिगों द्वारा हथियारों के साथ फोटो पोस्ट करने पर उनके पालकों को बुलाकर समझाइश दी गई और पोस्ट हटवाए गए। एसएसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि पुलिस ने पूर्व आदतन अपराधियों और चाकूबाजों पर भी निगरानी बढ़ा दी है, साथ ही 300 से अधिक लोगों को अवैध चाकू या तलवार नहीं खरीदने की चेतावनी दी गई है।

ऑनलाइन शॉपिंग ऐप से पुलिस ने की अनुरोध
दुर्ग पुलिस ने माता-पिता और अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों और मोबाइल उपयोग पर नजर रखें, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके। साथ ही ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों — अमेज़न, फ्लिपकार्ट और मीशो — से अनुरोध किया गया है कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु की डिलीवरी से पहले एक्स-रे मशीन से जांच कर पुष्टि करें, और संदेहास्पद मामलों में संबंधित थाना प्रभारी को सूचित करें।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



