
Balrampur: शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, गर्भवती होने पर छोड़ा — आरोपी गिरफ्तार
शंकरगढ़ पुलिस की कार्रवाई, सूरजपुर जिले का रहने वाला है आरोपी युवक
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले से एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने शादी का झांसा देकर युवती से उसके ही घर में लगातार दुष्कर्म किया। जब युवती गर्भवती हो गई, तो आरोपी उसे छोड़कर दूसरी लड़की से शादी कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

घर में रहकर किया अत्याचार
जानकारी के अनुसार, आरोपी अजय रवि, निवासी चंदरेली (थाना प्रतापपुर, जिला सूरजपुर) है। आरोपी पीड़िता के रिश्ते में लगने वाले मामा के जरिए उसके घर पहुंचा था। मामा ने दोनों का रिश्ता तय कराया और इसके बाद आरोपी शादी का वादा करते हुए पीड़िता के घर में ही रहने लगा। इसी दौरान उसने युवती से बार-बार शारीरिक संबंध बनाए।
गर्भवती होने के बाद छोड़कर भागा आरोपी
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसके साथ लंबे समय तक संबंध बनाता रहा और जब वह 7 महीने की गर्भवती हो गई, तो उसने शादी से इंकार कर दिया और दूसरी लड़की से शादी कर फरार हो गया।
पीड़िता न्याय के लिए भटक रही थी
पीड़िता ने बताया कि वह अपने पेट में बच्चे को लेकर न्याय की गुहार लगा रही थी। अंततः उसने 28 अक्टूबर 2025 को शंकरगढ़ थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया
पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
पुलिस ने मामा की भूमिका की भी जांच शुरू की
पुलिस के अनुसार, मामले में जिस मामा ने रिश्ता तय कराया था, उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि यदि उसकी संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



