
Mahasamund: दलित व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या: सरपंच का पति सहित चार गिरफ्तार
महासमुंद में मॉब लिंचिंग की घटना से सनसनी, चोरी के शक में हुई दर्दनाक वारदात
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दलित व्यक्ति की भीड़ ने चोरी के शक में पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पतेरापाली गांव की बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक ग्राम पंचायत की सरपंच का पति भी शामिल है।

गांव के पास रेलवे पटरी के पास पकड़ा गया था मृतक
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कौशल सहिस (50 वर्ष), निवासी बागबाहरा विकासखंड, के रूप में हुई है। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने उसे गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर रेलवे पटरी के पास पकड़ लिया था। ग्रामीणों का आरोप था कि वह गांव से केबल वायर चोरी कर रहा था।
भीड़ ने बांधकर की बेरहमी से पिटाई
गुस्साई भीड़ ने कौशल के हाथ बांध दिए और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल कौशल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
चार आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
महासमुंद पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ में और भी लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है। सभी आरोपियों पर हत्या और अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



