
Balrampur : शादी का झांसा देकर रेप, आरोपी गिरफ्तार
बलरामपुर जिले की शंकरगढ़ पुलिस ने शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म करने के आरोप में 28 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी अजय रवि को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई पीड़िता की शिकायत के बाद की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 28 अक्टूबर को शंकरगढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि उसके मामा ने उसे अजय रवि नामक युवक से मिलवाया था, जिसे मामा अपना साला बता रहा था। मामा ने कहा था कि उसने पीड़िता के लिए लड़का ढूंढ लिया है, जो उससे शादी करेगा।

कई बार बनाए शारीरिक संबंध
शिकायत के मुताबिक, अजय रवि 3 नवंबर 2024 को पीड़िता के घर आया। उससे शादी करने और पत्नी बनाकर रखने का वादा किया। इसके बाद 5 नवंबर 2024 की रात करीब 10 बजे उसने घर में ही पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाए। अजय रवि लगभग 6-7 महीने तक पीड़िता के घर पर रहा और इस दौरान कई बार शारीरिक बनाए।
प्रेग्नेंट होने के बाद शादी से किया इनकार
पीड़िता ने बताया कि वह करीब 6-7 महीने से गर्भवती है, लेकिन अब अजय रवि शादी से इनकार कर रहा है। उसने पीड़िता के पेट में पल रहे बच्चे को अपना मानने से भी इनकार कर दिया और किसी दूसरी लड़की से शादी कर ली। पीड़िता की रिपोर्ट पर शंकरगढ़ थाने में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल
जांच के दौरान आरोपी अजय रवि के खिलाफ अपराध के पर्याप्त सबूत पाए गए। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद 29 अक्टूबर को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



